चंडीगढ़ | केंद्र सरकार की ओर से डीजल पर 200 लीटर की खरीद सीमा लागू किए जाने का असर हरियाणा में पेट्रोल पंप संचालकों पर साफ दिखाई देने लगा है. नियमों का पालन करने में पंप संचालकों की परेशानी बढ़ गई है. कई जगह सख्ती के चलते स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. प्रदेश में अब तक 200 लीटर से अधिक डीजल बिक्री के मामलों में 29 पेट्रोल पंपों पर कार्रवाई की जा चुकी है. इनमें अधिकतर पंप राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित हैं. कार्रवाई के बाद 24 घंटे के भीतर कंपनियों ने इन पंपों के नोजल फिर से चालू कर दिए, लेकिन लगातार सामने आ रही अनियमितताओं को देखते हुए अब नियम और कड़े कर दिए गए हैं.

तेल कंपनियों ने सभी पंपों पर ऑटोमेशन सिस्टम लागू कर दिया है, जिससे अब कोई भी पंप संचालक 200 लीटर से अधिक डीजल की बिक्री नहीं कर सकेगा. इस सख्ती से पंप मालिकों में नाराजगी है, हालांकि फिलहाल हरियाणा में किसी बड़े विरोध की स्थिति सामने नहीं आई है.
हरियाणा में असर
सरकारी आदेशों के बावजूद कुछ पेट्रोल पंपों पर नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिल रही थीं. जांच में यह पाया गया कि कई जगह तय सीमा से अधिक डीजल बेचा गया जिसके बाद तेल कंपनियों और प्रशासन ने सभी डीलरों को सख्त निर्देश जारी किए हैं. डीलरों से कहा गया है कि वे खुद रिटेल आउटलेट पर मौजूद रहें और हर बड़े लेनदेन की निगरानी करें. नई अधिसूचना के अनुसार, किसी भी ग्राहक या वाहन को प्रतिदिन 200 लीटर से अधिक डीजल नहीं दिया जा सकता. 200 लीटर से ज्यादा डीजल की आपूर्ति केवल पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन (PESO) से अनुमोदित कंटेनर में ही संभव होगी.
29 पेट्रोल पंपों पर कार्रवाई
हरियाणा पेट्रोलियम वेलफेयर डीलर्स एसोसिएशन के प्रधान संजीव चौधरी ने बताया कि 29 पंपों के नोजल अस्थायी रूप से बंद किए गए थे जिन्हें 24 घंटे में फिर चालू कर दिया गया. उन्होंने कहा कि कंपनियों ने अब लगभग 100 प्रतिशत ऑटोमेशन लागू कर दिया है और सख्त मॉनिटरिंग शुरू कर दी है. उनका कहना है कि इस फैसले को जल्द वापस लिया जाना चाहिए.
इस नियम से ट्रांसपोर्ट सेक्टर को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. बड़े ट्रकों में 700 लीटर से ज्यादा डीजल लगता है और लंबी दूरी की यात्रा में उन्हें अलग- अलग राज्यों में ईंधन भरवाना पड़ता है. अलग- अलग राज्यों में डीजल के दाम होने से लागत भी बढ़ रही है जिससे ट्रांसपोर्ट व्यवसाय प्रभावित हो रहा है- कुलदीप बैनीवाल, प्रधान, हरियाणा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन
