चंडीगढ़ | हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 6 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रह सकता है. इस दौरान कई जिलों में आंशिक बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश पर लगातार दो पश्चिमीविक्षोभ का आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा.

पहला पश्चिमीविक्षोभ 2 जून को सक्रिय होगा जबकि दूसरा पश्चिमीविक्षोभ 4 जून को पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ने की संभावना है. पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने के संकेत भी मिले हैं. इन मौसमी गतिविधियों का असर हरियाणा के मौसम पर पड़ सकता है.
हरियाणा में मौसम रहेगा परिवर्तनशील
विभाग का अनुमान है कि 2 जून की रात से लेकर 6 जून तक राज्य के ज्यादातर इलाकों में बीच- बीच में मौसम बदल सकता है. इस दौरान कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज गति की हवाएं चलने की संभावना है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि कुछ इलाकों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की जा सकती है.
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम में यह बदलाव किसानों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा. जिन क्षेत्रों में फसल कटाई के बाद का काम चल रहा है या खेतों की तैयारी की जा रही है, वहां किसानों को मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखनी चाहिए. तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए कृषि कार्यों की योजना उसी हिसाब से बनाने की सलाह दी गई है.
तापमान रहेगा स्थिर
मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि के दौरान दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. बादल छाने और बीच- बीच में बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. यदि मौसमी परिस्थितियों में कोई बड़ा बदलाव होता है तो समय- समय पर नई जानकारी जारी की जाएगी.
