You are currently viewing जींद के उचाना में नए स्वास्थ्य केंद्र का रास्ता साफ, PWD ने जारी किया टेंडर

जींद के उचाना में नए स्वास्थ्य केंद्र का रास्ता साफ, PWD ने जारी किया टेंडर

जींद | हरियाणा के जींद जिले के उचाना क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. दरअसल, उचाना खुर्द में लंबे समय से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की नई बिल्डिंग की मांग की जा रही थी जोकि अब पूरी होने जा रही है. जी हां, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास रैली में उठाया गया यह मुद्दा अब जमीन पर उतरता दिखाई दे रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, उचाना खुर्द में जलघर के पास करीब सवा एकड़ भूमि पर आधुनिक PHC केंद्र का निर्माण किया जाएगा.

Primary Health Center PHC Hospital

इस परियोजना पर लगभग 3 करोड़ 42 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. भवन निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से टेंडर भी जारी कर दिया गया है जिससे निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है.

2022 से उठाई जा रही थी मांग

ग्रामीणों की मानें तो PHC केंद्र पहले ही मंजूर हो चुका था लेकिन भवन नहीं होने के कारण लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था. साल 2022 से लगातार इस मांग को उठाया जा रहा था. फरवरी में हुई मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धन्यवाद एवं विकास रैली के दौरान ग्रामीणों ने यह मांग विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री के सामने रखी थी. सीएम ने मंच से ही इस मांग को मंजूरी देने की घोषणा की थी. अब टेंडर जारी होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है.

नई बिल्डिंग बनने के बाद उचाना खुर्द के साथ- साथ आसपास के कई गांवों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी. फिलहाल, अभी छोटी- बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है जिससे समय और पैसे दोनों की परेशानी होती है.

निर्माण की प्रक्रिया शुरू

विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने बताया कि आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और PWD द्वारा टेंडर जारी कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि उचाना के विकास को लेकर किए गए वादों को लगातार पूरा किया जा रहा है. उनके अनुसार, विकास रैली के बाद क्षेत्र में कई योजनाओं पर तेजी से काम शुरू हुआ है और आने वाले समय में लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. नई स्वास्थ्य सुविधा शुरू होने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को इलाज के लिए बेहतर और नजदीकी व्यवस्था मिल सकेगी.

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.

Source link

Leave a Reply