नई दिल्ली | तिरुपति और रक्सौल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. सोमवार से तिरुपति- रक्सौल नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू हो चुकी है. वहीं, रक्सौल से तिरुपति के लिए यह ट्रेन 4 जून से रवाना होगी. इस नई रेल सेवा के शुरू होने से बिहार और झारखंड के हजारों श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी मंदिर तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी. नई ट्रेन को यात्रियों का शानदार रिस्पांस मिल रहा है.

तिरुपति जाने वाले लोगों की संख्या इतनी अधिक है कि इसके चलने वाली ट्रेन के शुरुआती तीन फेरों की सीटें पहले ही लगभग भर चुकी हैं. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लंबे समय से इस रूट पर सीधी रेल सेवा की मांग थी.
तिरुपति- रक्सौल नई साप्ताहिक एक्सप्रेस
वापसी में रक्सौल से तिरुपति जाने वाली ट्रेन को भी यात्रियों का अच्छा समर्थन मिला है. रेलवे की बुकिंग रिपोर्ट के अनुसार स्लीपर श्रेणी में जुलाई के पहले सप्ताह तक सीटें लगभग भर चुकी हैं. वहीं, थर्ड एसी में 4 जुलाई तक और सेकंड एसी में दो जुलाई तक की सीटों की बुकिंग हो चुकी है. लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए आने वाले समय में यात्रियों को और राहत मिलने की उम्मीद है. फिलहाल, इस ट्रेन का संचालन पारंपरिक ICF रैक के साथ किया जाएगा. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में LHB रैक उपलब्ध होने पर ट्रेन को उससे संचालित किया जाएगा. LHB रैक लगने के बाद यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर के साथ विभिन्न श्रेणियों में ज्यादा सीटों का लाभ भी मिलेगा.
देखें टाइम- टेबल
रेलवे द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति- रक्सौल एक्सप्रेस सोमवार सुबह 8:15 बजे तिरुपति से रवाना होगी. यह बुधवार तड़के 3:15 बजे धनबाद पहुंचेगी और उसी दिन शाम 5 बजे रक्सौल पहुंचेगी. वहीं, ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल- तिरुपति एक्सप्रेस गुरुवार तड़के 3:15 बजे रक्सौल से रवाना होगी. यह शाम 4:15 बजे धनबाद पहुंचेगी और शनिवार सुबह 9:30 बजे तिरुपति पहुंचेगी.
