You are currently viewing EPFO का बड़ा अपडेट, UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा; टेस्टिंग हुई पूरी

EPFO का बड़ा अपडेट, UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा; टेस्टिंग हुई पूरी

नई दिल्ली | देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) PF निकासी की प्रक्रिया को पहले से कहीं ज्यादा आसान बनाने की तैयारी में है. EPFO 3.0 के तहत अब सदस्य UPI के जरिए सीधे अपने EPF खाते से पैसा निकाल सकेंगे. इस नई व्यवस्था की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और इसे जल्द लागू किए जाने की उम्मीद है.

EPFO

केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने हाल ही में जानकारी दी कि UPI आधारित PF निकासी सुविधा का परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. नई सुविधा शुरू होने के बाद EPFO सदस्य अपने खाते में उपलब्ध निकासी योग्य राशि को देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर UPI के माध्यम से सीधे अपने बैंक खाते में पैसा ट्रांसफर कर पाएंगे.

दर्ज करना होगा PIN

इस नई प्रणाली में सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है. किसी भी निकासी को पूरा करने के लिए सदस्य को अपना UPI PIN दर्ज करना होगा. सत्यापन पूरा होने के बाद राशि सीधे उस बैंक खाते में भेजी जाएगी जो EPFO रिकॉर्ड से जुड़ा हुआ है. इससे पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और तेज हो जाएगी. सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि कर्मचारियों को जरूरत के समय पैसा मिलने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. खाते में राशि आते ही उसका उपयोग डिजिटल पेमेंट, ऑनलाइन ट्रांसफर या डेबिट कार्ड के जरिए ATM से नकदी निकालने के लिए किया जा सकेगा.

3 दिन के भीतर होगा निपटारा

PF निकालने के लिए सदस्यों को ऑनलाइन या ऑफलाइन क्लेम जमा करना पड़ता है. हालांकि, ऑटो- सेटलमेंट सिस्टम लागू होने के बाद पात्र दावों का निपटारा 3 दिन के भीतर किया जा रहा है. वर्ष 2025 में एडवांस क्लेम की सीमा भी बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई थी. यह सुविधा बीमारी, शिक्षा, शादी, मकान निर्माण या अन्य जरूरी जरूरतों के लिए उपलब्ध है. मौजूदा नियमों के अनुसार, EPF सदस्य मेडिकल जरूरत, शिक्षा, घर खरीदने और अन्य आवश्यक कारणों के लिए आंशिक निकासी कर सकते हैं. वहीं 58 वर्ष की आयु पूरी होने पर रिटायरमेंट या स्थायी विकलांगता की स्थिति में पूरा PF निकालने की अनुमति है.

कर्मचारियों को मिली राहत

बेरोजगारी की स्थिति में भी कर्मचारियों को राहत मिलती है. कोई सदस्य नौकरी छूटने के बाद अपने PF बैलेंस का 75 प्रतिशत तक हिस्सा निकाल सकता है. बाकि बची हुई 25 प्रतिशत राशि 12 महीने तक बेरोजगार रहने पर निकाली जा सकती है. EPFO की यह नई UPI सुविधा PF निकासी को अधिक तेज, सरल और डिजिटल बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव मानी जा रही है जिससे करोड़ों कर्मचारियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है.

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.

Source link

Leave a Reply