नूंह | हरियाणा के नूंह के लघु सचिवालय में मेवात विकास अभिकरण (MDA) की 34वीं गवर्निंग बॉडी की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता फरीदाबाद मंडल आयुक्त एवं एमडीए चेयरमैन संजय जून ने की. इस दौरान मेवात क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. साथ ही, अधिकारियों को नए विकास कार्यों के प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश दिए गए. इस बारे में संजय जून ने कहा कि एमडीए के माध्यम से ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए जिनका सीधा लाभ आम लोगों को मिले.

उन्होंने सभी विभागों से कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर नए विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर भेजे जाएं, ताकि क्षेत्र में विकास की गति और तेज हो सके. साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंजूर की गई परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई और उन्हें तय समय में पूरा करने पर जोर दिया गया.
निर्माण कार्य शुरू
बैठक में बताया गया कि गांव छपेड़ा में 32.63 करोड़ रुपये की लागत से ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. इसके अलावा नूंह की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और गांव आकेड़ा में यूनानी मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. वन विभाग द्वारा करीब 1.98 करोड़ रुपये की लागत से रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण पूरा किया जा चुका है. नूंह की पुरानी तहसील परिसर में लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से संग्रहालय और ऑडिटोरियम बनाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. वहीं, पुरानी एसडीएम कोर्ट परिसर में 200 विद्यार्थियों की क्षमता वाली आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी. जिले के सभी उपमंडलों और 5 हजार से अधिक आबादी वाले गांवों में पुस्तकालय खोलने की योजना पर भी काम किया जा रहा है.
की गई समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री मेवात छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री मेवात उत्थान योजना, सुपर- 100 और बुनियाद कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि गांव मढ़ी स्थित मेवात एक्सीलेंस सेंटर में इस समय 86 विद्यार्थी नीट और जेईई की निःशुल्क तैयारी कर रहे हैं. उपायुक्त अखिल पिलानी ने विकास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की. बैठक में हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल, पलवल उपायुक्त डॉ. जैनेंद्र सिंह छिल्लर, एडीसी ज्योति समेत कई प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे.
