हरियाणा की राजनीति में साल 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा आदमपुर सीट की रही थी। हिसार जिले की इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार चंद्रप्रकाश ने ऐसा राजनीतिक उलटफेर किया, जिसने पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
आदमपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भजनलाल और बिश्नोई परिवार का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। पहले कुलदीप बिश्नोई और बाद में उनके बेटे भव्य बिश्नोई यहां से विधायक रहे, लेकिन इस बार कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रप्रकाश ने जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरण बदल दिए।
कांग्रेस हाईकमान ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
अब कांग्रेस हाईकमान ने विधायक चंद्रप्रकाश को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से पार्टी महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने इस संबंध में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। पार्टी का यह फैसला हरियाणा की राजनीति में काफी अहम माना जा रहा है।
OBC वोटबैंक को मजबूत करने पर फोकस
पूर्व IAS अधिकारी रह चुके चंद्रप्रकाश ने प्रशासनिक सेवा छोड़ राजनीति में कदम रखा था। कम समय में ही उन्होंने प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बना ली।
उनकी छवि एक शांत स्वभाव, मजबूत प्रशासनिक अनुभव और जमीनी स्तर पर पकड़ रखने वाले नेता की मानी जाती है। कांग्रेस नेतृत्व ने OBC वर्ग में पार्टी की पकड़ मजबूत करने और सामाजिक समीकरण साधने के उद्देश्य से उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
संगठन और प्रशासन दोनों में मजबूत पकड़
चंद्रप्रकाश को संगठन और प्रशासन दोनों क्षेत्रों का अच्छा अनुभव माना जाता है। यही वजह है कि वे लगातार पार्टी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस आने वाले समय में OBC वर्ग को साधने के लिए चंद्रप्रकाश पर बड़ा दांव खेल रही है।