सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत और कुंडली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. जी हां, हरियाणा रोडवेज ने कुंडली रूट पर इलेक्ट्रिक बसों (ई- बसों) की संख्या बढ़ा दी है. दरअसल, पहले इस रूट पर केवल 5 ई- बसें ही संचालित की जा रही थीं, इससे लोगों को थोड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. हालांकि, अब इनकी संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई है. इससे मुरथल- कुंडली वाया सोनीपत रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को बसों का कम इंतजार करना पड़ेगा. साथ ही, सफर पहले से ज्यादा सुविधाजनक होगा. लोगों के अंदर इससे खुशी की लहर दौड़ पड़ा है.

गर्मी के मौसम में एसी बसों की मांग लगातार बढ़ रही है. ऐसे में ई- बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को राहत मिली है. अब सुबह और शाम दोनों शिफ्टों में अधिक बसें उपलब्ध रहेंगी, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को फायदा होगा. खासकर नौकरी करने वाले लोग, स्टूडेंट्स सहित अन्य सभी यात्रियों को लाभ मिलने वाला है.
मिली ई- बसों की सौगात
हाल ही में बस अड्डे को 10 नई ई- बसें मिली हैं. इसके बाद, रोडवेज के बेड़े में कुल ई- बसों की संख्या 15 हो गई है. फिलहाल, इनमें से 5 नई और 5 पहले से चल रही बसों को कुंडली रूट पर लगाया गया है. रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि नई बसों को अन्य रूटों पर चलाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है. आवश्यक कार्रवाई पूरी होते ही इन बसों को अलग- अलग रूटों पर भेजा जाएगा.
इन पासधारकों को मिलेगा लाभ
पासधारकों को भी इसमें बेहत लाभ मिलेगा. विभाग के अनुसार, विद्यार्थियों के पास इन ई- बसों में पहले की तरह मान्य रहेंगे. हालांकि, अन्य श्रेणियों के पासधारकों को इन एसी बसों में छूट का लाभ नहीं मिलेगा. रोडवेज का कहना है कि ई- बसों के संचालन खर्च को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है. वहीं, दूसरी ओर नए रूटों के चयन के लिए सर्वे का काम भी शुरू हो चुका है. इस सर्वे में यात्रियों की संख्या, रूट की जरूरत और दैनिक यातायात को आधार बनाया जा रहा है. रिपोर्ट तैयार होने के बाद नई संचालन योजना बनाई जाएगी, जिलले शहर के अन्य इलाकों तक भी ई- बस सेवा का विस्तार किया जा सके.
ई- बसों के इंचार्ज राकेश के अनुसार, बस अड्डे में 10 नई एसी बसें पहुंच चुकी हैं. इन्हें नए रूटों पर चलाने की प्रक्रिया जारी है. फिलहाल, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 5 नई बसों को कुंडली रूट पर लगाया गया है. आगे जरूरत पड़ने पर और बसों को बेडे में शामिल करने पर विचार किया जाएगा.
