आज के समय में अगर सबसे सम्मानजनक पेशों की बात की जाए, तो शिक्षक यानी टीचर्स का नाम सबसे ऊपर आता है। एक शिक्षक न केवल बच्चों को शिक्षा देता है, बल्कि उनके भविष्य की मजबूत नींव भी तैयार करता है। यही बच्चे आगे चलकर देश और समाज का भविष्य बनते हैं।
टीचिंग को अब सिर्फ सम्मान का पेशा ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन करियर ऑप्शन भी माना जाने लगा है। खासतौर पर विदेशों में शिक्षकों को अच्छा सम्मान मिलने के साथ-साथ शानदार सैलरी पैकेज भी दिया जाता है। दुनिया के कई देशों में टीचर्स सालाना करोड़ों रुपये तक की कमाई करते हैं। आज हम आपको ऐसे ही कुछ देशों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां शिक्षकों को सबसे ज्यादा वेतन मिलता है।
इन देशों में टीचर्स को मिलती है सबसे ज्यादा सैलरी
लक्जमबर्ग (Luxembourg)
लक्जमबर्ग शिक्षकों को सबसे ज्यादा वेतन देने वाले देशों में पहले स्थान पर आता है। यहां अनुभवी प्राइमरी और सेकेंडरी टीचर्स को हर साल 80,000 से 1,15,000 यूरो तक सैलरी मिलती है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 86 लाख रुपये से लेकर 1.24 करोड़ रुपये तक होती है।
स्विट्जरलैंड (Switzerland)
स्विट्जरलैंड में भी शिक्षकों को बेहद आकर्षक वेतन दिया जाता है। यहां टीचर्स की सालाना सैलरी CHF 80,000 से 99,000 तक होती है, जो भारतीय रुपयों में लगभग 72 लाख से 90 लाख रुपये के बराबर है।
जर्मनी (Germany)
जर्मनी में 10 से 15 साल का अनुभव रखने वाले शिक्षकों को हर साल 55,000 से 67,000 यूरो तक वेतन मिलता है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 59 लाख से 72 लाख रुपये के बराबर माना जाता है।
डेनमार्क (Denmark)
डेनमार्क में सेकेंडरी स्कूल टीचर्स को सालाना DKK 4,60,000 से 5,68,000 तक सैलरी दी जाती है। भारतीय रुपयों में इसकी कीमत लगभग 55 लाख से 68 लाख रुपये तक होती है।
दक्षिण कोरिया (South Korea)
दक्षिण कोरिया में शिक्षकों को हर साल KRW 70 से 90 मिलियन तक वेतन मिलता है। भारतीय करेंसी में यह करीब 53 लाख से 68 लाख रुपये के बराबर है।
ऑस्ट्रिया (Austria)
ऑस्ट्रिया में टीचर्स को सालाना 55,000 से 60,000 यूरो तक सैलरी प्रदान की जाती है। भारतीय रुपयों में यह लगभग 59 लाख से 65 लाख रुपये के बराबर बैठती है।
सम्मान के साथ शानदार करियर भी
विदेशों में टीचिंग प्रोफेशन को काफी अहम माना जाता है। वहां शिक्षकों को बेहतर वेतन, सुविधाएं और सामाजिक सम्मान दिया जाता है। यही वजह है कि आज बड़ी संख्या में युवा टीचिंग को एक सुरक्षित और आकर्षक करियर विकल्प के रूप में देख रहे हैं।