चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गरज- चमक का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने आज कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी समेत 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

इन जिलों में बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई जगहों पर बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना है.
हरियाणा मौसम अपडेट
मौसम विभाग का कहना है कि 4 जून को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है. वहीं 6 जून तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहने के आसार हैं. बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे और हवाओं की दिशा में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार पहला पश्चिमी विक्षोभ 3 जून और दूसरा 4 जून को पहाड़ी क्षेत्रों की तरफ बढ़ेगा. पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है, जिसका असर हरियाणा के मौसम पर भी पड़ेगा.
कुछ जगह होगी बारिश
डॉ. खीचड़ ने बताया कि 6 जून तक कई इलाकों में मध्यम से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश होगी जबकि कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने के भी संकेत हैं. हालांकि, दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है. मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के आंकड़ों के मुताबिक, 1 मार्च से 31 मई तक हरियाणा में 52.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 44.6 मिमी बारिश होती है. इस बार प्रदेश में सामान्य से करीब 18 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है.
गर्मी से मिलेगी राहत
तापमान की बात करें तो सिरसा 41.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा. वहीं, महेंद्रगढ़ के नारनौल में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले कुछ दिन प्रदेश के लोगों को गर्मी से राहत दे सकते हैं.
