You are currently viewing भिवानी में NEET परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 7 केंद्रों पर होगी परीक्षा

भिवानी में NEET परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 7 केंद्रों पर होगी परीक्षा

भिवानी | देशभर में 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा को लेकर भिवानी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और परीक्षा केंद्र अधीक्षकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा के सफल और पारदर्शी आयोजन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए. डीसी साहिल गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परीक्षा केंद्र में अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा केंद्र के अंदर केवल परीक्षार्थी और नियुक्त स्टाफ सदस्य ही मौजूद रहेंगे. साथ ही केंद्रों के बाहर भीड़ जमा न होने देने और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रखने के निर्देश दिए गए.

Job Exam Student Collage

उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि अभ्यर्थियों को अनुकूल वातावरण मिल सके. परीक्षा के दौरान शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने इसके लिए भी संबंधित विभागों को विशेष निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो.

भिवानी में 7 परीक्षा केंद्र

परीक्षा सिटी कॉर्डिनेटर एवं केंद्रीय विद्यालय पालुवास के प्राचार्य मोहिंद्रपाल के अनुसार, भिवानी में 7 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 3,846 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में 672, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 654, पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 624, एमएनएस राजकीय कॉलेज में 528, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय पालुवास में 480, राजीव गांधी महिला महाविद्यालय में 480 और सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल शिक्षा बोर्ड में 408 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे.

नीट परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी. इस बार अभ्यर्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही मिलेगा.

सोशल मीडिया पर निगरानी

डीसी ने बताया कि साइबर सेल सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखेगी. किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या छात्रों को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी और बायोमेट्रिक व फ्रिस्किंग के दौरान बच्चों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा. सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं. वहीं, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के जिलाधिकारियों को नीट परीक्षा का पारदर्शी और निष्पक्ष आयोजन करने के निर्देश दिए.

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.

Source link

Leave a Reply