रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी शहर के लोगों को जल्द ही पेयजल से जुड़ी बड़ी राहत मिलने वाली है. बता दें कि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने सिटी की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 95 करोड़ रुपये की एक बड़ी परियोजना तैयार की है. जी हां, इसके तहत शहर में करीब 15 किलोमीटर लंबी नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी. इससे लोगों को किसी भी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना होगा. दरअसल, हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचे और पुरानी जर्जर पाइप लाइनों से पैदा हो रही समस्याएं खत्म हो सके इसपर लगातार निगरानी की जा रही थी. जिसपर अब जाकर फैसला लिया गया है.

पुरानी पाइप लाइनें हुई खराब
कई इलाकों में सालों पुरानी पाइप लाइनें खराब हो चुकी हैं. इस कारण पानी की सप्लाई प्रभावित होती है, जिससे लोगों को कम दबाव से पानी मिलता है. सबसे ज्यादा परेशानी बरसात के मौसम में होती है, जब टूटी और जर्जर पाइप लाइनों के जरिए गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल जाता है. इससे लोगों को दूषित पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है. केवल अतना ही नहीं, ऐसे में बीमारियों का खतरा भी काफी हद तक बढ़ जाता है.
नई योजना के तहत, शहर की विभिन्न कॉलोनियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में नई पाइप लाइनें डाली जाएंगी. जहां पुरानी लाइनें पूरी तरह खराब हो चुकी हैं, वहां उन्हें बदलकर मजबूत पाइप लाइन बिछाई जाएगी. इससे पानी की गुणवत्ता में सुधार होगा और रिसाव जैसी समस्याओं पर रोक लगेगा.
28 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
एक ओर विभाग ने यह भी दावा कर दिया है कि इस परियोजना का फायदा शहर के करीब 28 हजार पेयजल उपभोक्ताओं को मिलेगा. नई पाइप लाइन बिछने के बाद पानी का दबाव बेहतर होगा और दूर- दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों तक भी पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंच सकेगा. इसके अलावा, पानी की बर्बादी कम होगी और वितरण व्यवस्था पहले से अधिक सही हो जाएगी. परियोजना के साथ- साथ शहर में अवैध रूप से चल रहे पानी के कनेक्शनों की भी जांच की जाएगी. विभाग ऐसे उपभोक्ताओं को नियमानुसार अपने कनेक्शन नियमित कराने का मौका देगा. इससे विभाग को होने वाले राजस्व नुकसान को रोक जा सकेगा.
95 करोड़ रुपये की इस परियोजना में 15 किलोमीटर नई पाइप लाइन बिछाने का प्रस्ताव है. योजना को मंजूरी मिलने के बाद काम चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा. परियोजना पूरी होने पर शहर के लगभग 28 हजार उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा- हेमंत कुमार, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, रेवाड़ी
