You are currently viewing दिल्ली के लोगों को कालिंदी कुंज और मथुरा रोड के जाम से मिलेगी राहत, जल्द मिल सकती है नए एक्सप्रेसवे की सौगात

दिल्ली के लोगों को कालिंदी कुंज और मथुरा रोड के जाम से मिलेगी राहत, जल्द मिल सकती है नए एक्सप्रेसवे की सौगात

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम के लाखों लोगों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है. दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे के डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक करीब 9 किलोमीटर लंबे हिस्से का काम लगभग पूरा हो चुका है. इस हिस्से के शुरू होने के बाद लोगों का सफर पहले से काफी आसान और तेज हो जाएगा. साथ ही, रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है. अभी एक्सप्रेसवे का जैतपुर पुश्ता रोड से फरीदाबाद सेक्टर- 65 तक 24 किलोमीटर और सेक्टर- 65 से सोहना तक 26 किलोमीटर का हिस्सा पहले से चालू है.

Delhi Mumbai

अब केवल डीएनडी से जैतपुर तक का हिस्सा शुरू होना बाकी है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में इस तैयार हिस्से और फरीदाबाद सेक्टर- 65 तक के मार्ग का निरीक्षण भी किया.

यहां कम होगा दबाव

इस नए हिस्से के शुरू होने के बाद दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और पलवल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सीधा फायदा मिलेगा. फिलहाल बड़ी संख्या में वाहन मथुरा रोड और कालिंदी कुंज मार्ग का इस्तेमाल करते हैं, जहां अक्सर लंबा जाम देखने को मिलता है. एक्सप्रेसवे चालू होने के बाद यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को वैकल्पिक तेज रास्ता मिल जाएगा. मीठापुर चौक पर एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पहले ही तैयार किए जा चुके हैं.

इससे दक्षिण दिल्ली के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा. पहले दक्षिण दिल्ली से सोहना पहुंचने में करीब ढाई घंटे तक का समय लग जाता था, लेकिन अब यह दूरी लगभग 28 मिनट में तय की जा रही है.

जून के दूसरे सप्ताह में मिल सकती है सौगात

नितिन गडकरी के अनुसार, 9 किलोमीटर बचे हिस्से का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. अगले 20 दिनों में भार परीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी. इसके बाद, लोकार्पण के लिए पीएमओ को प्रस्ताव भेजा जाएगा. उम्मीद जताई जा रही है कि जून के दूसरे सप्ताह में इस हिस्से को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. भारतमाला परियोजना के तहत विकसित डीएनडी से सोहना तक इस एक्सेस- कंट्रोल्ड हाईवे की कुल लंबाई 59.063 किलोमीटर है और इसकी अनुमानित लागत 4,463 करोड़ रुपये है.

यह कॉरिडोर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना को हाई- स्पीड कनेक्टिविटी प्रदान करेगा. भविष्य में जेवर एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से पूरे एनसीआर क्षेत्र के लोगों को बड़ा फायदा होगा.

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.

Source link

Leave a Reply