रेवाड़ी | हरियाणा हमेशा से ही खेल, नृत्य, अनोखे कारनामों में आगे रहा है. इसी कड़ी में रेवाड़ी निवासी युवा पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव ने एक बार फिर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. बता दें कि सेवन समिट्स विजेता नरेंद्र सिंह यादव ने मेक्सिको में स्थित उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची ज्वालामुखीय चोटी पिको डी ओरिजाबा (5,636 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर तिरंगा फहराया है. इससे राज्य सहित पूरे देशभर में खुशी का माहौल है. लोग लगातार उन्हें बधाईयां दे रहे हैं. परिवार के लोग काफी ज्यादा हर्ष और गर्व महसूस कर रहे हैं.

यह अभियान एनएसवाई आउटडोर की ओर से आयोजित किया गया था जिसमें अलग- अलग देशों के 12 पर्वतारोहियों ने हिस्सा लिया. इस दौरान खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां भी सामने आई, जिस कारण सभी प्रतिभागी शिखर तक नहीं पहुंच सके. आखिर में केवल 7 पर्वतारोही ही चोटी तक पहुंचने में सफल रहे, जिसका नेतृत्व नरेंद्र सिंह यादव ने किया.
26 मई को हुए थे रवाना
नरेंद्र सिंह यादव 26 मई को भारत से मेक्सिको के लिए रवाना हुए थे. 5 दिन तक चले इस अभियान में उन्होंने मेक्सिको सिटी, प्यूएबला और बेस कैंप से आगे बढ़ते हुए लगातार ऊंचाई और खराब मौसम की चुनौतियों का सामना किया. वहीं, 30 मई 2026 को सुबह 10:14 बजे उन्होंने पिको डी ओरिजाबा की चोटी पर पहुंचकर तिरंगा लहराया और भारत का नाम रौशन करते हुए गर्व बढ़ाया.
माइनस 20 डिग्री तापमान में किया समिट पुश
अभियान का सबसे कठिन हिस्सा सिंगल पैच समिट पुश रहा. इस दौरान करीब 1400 मीटर की खड़ी चढ़ाई करनी पड़ी. ऊंचाई बढ़ने के साथ तापमान माइनस 15 से माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. तेज हवाओं के कारण विंडचिल प्रभाव भी काफी ज्यादा था. ऐसे कठिन माहौल में ऑक्सीजन की कमी, बर्फीली हवाओं और कटीले, खरतनाक रास्तों के बीच नरेंद्र सिंह यादव ने हिम्मत नहीं हारी और सफलतापूर्वक शिखर तक पहुंच गए. पिको डी ओरिजाबा पर यह सफल आरोहण नरेंद्र सिंह यादव के सेवन वोल्कैनिक समिट्स प्रोजेक्ट का हिस्सा है.
इस अभियान के तहत वे दुनिया के सातों महाद्वीपों की प्रमुख ज्वालामुखीय चोटियों पर चढ़ाई कर रहे हैं. नरेंद्र सिंह यादव भारत के पहले युवा पुरुष पर्वतारोही हैं जिन्होंने सातों महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों पर सफल आरोहण किया है. बता दें कि नरेंद्र सिंह यादव दो बार माउंट एवरेस्ट भी फतह कर चुके हैं. अब उनका अगला लक्ष्य एक्सप्लोरर्स ग्रैंड स्लैम और सेवन वोल्कैनिक समिट्स अभियान को पूरा करना है.
