You are currently viewing उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को तगड़ा झटका, सस्ते सिलेंडरों पर सब्सिडी में कटौती

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को तगड़ा झटका, सस्ते सिलेंडरों पर सब्सिडी में कटौती

नई दिल्ली | केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत मिलने वाले सब्सिडी वाले LPG सिलेंडरों की संख्या घटाकर 9 से 4 कर दी है. पहले लाभार्थियों को साल में 9 सिलेंडरों पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी मिलती थी लेकिन अब यह लाभ केवल पहले 4 सिलेंडरों तक सीमित रहेगा. देशभर में उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को एलपीजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं. सरकार का कहना है कि यह फैसला उज्ज्वला उपभोक्ताओं की औसत खपत और बढ़ते सब्सिडी बोझ को देखते हुए लिया गया है.

LPG Gas Cylinder

हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर का दाम 942 रुपये हो गया है. उज्ज्वला लाभार्थियों को 300 रुपये की सब्सिडी मिलने के बाद पहले चार सिलेंडर 642 रुपये में मिलेंगे इसके बाद के सिलेंडरों के लिए पूरी कीमत चुकानी होगी.

इस वजह से लिया गया फैसला

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव प्रवीण मल खनूजा ने बताया कि अधिकांश उज्ज्वला परिवार साल में औसतन 4 से 5 सिलेंडर ही इस्तेमाल करते हैं. इसी आधार पर सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या कम की गई है. दरअसल, अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की लागत बढ़ने और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण आयात और आपूर्ति पर दबाव बढ़ा है. इसी वजह से तेल विपणन कंपनियों पर सब्सिडी का बोझ भी बढ़ रहा है. उज्ज्वला योजना की शुरुआत गरीब परिवारों, खासकर महिलाओं को लकड़ी, कोयला और उपलों जैसे पारंपरिक ईंधनों से मुक्ति दिलाने और स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी. हालांकि, सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या में कटौती के इस फैसले का असर करोड़ों लाभार्थी परिवारों पर पड़ सकता है.

यह हुआ बदलाव

  • पहले: साल में 9 सिलेंडरों पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर सब्सिडी
  • अब: साल में केवल 4 सिलेंडरों पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर सब्सिडी
  • दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत: 942 रुपये
  • उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए पहले 4 सिलेंडरों की प्रभावी कीमत: 642 रुपये

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.

Source link

Leave a Reply