भिवानी | शहर में स्वास्थ्य विभाग के तहत हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के कर्मचारियों ने सोमवार को जिला अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन कर बकाया वेतन जारी करने की मांग उठाई. कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें हर महीने की 7 तारीख तक वेतन मिल जाना चाहिए, लेकिन लंबे समय से भुगतान में देरी हो रही है, जिससे आर्थिक परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं.

स्वास्थ्य विभाग एचकेआरएन कर्मचारी यूनियन के प्रधान दीपक तंवर ने बताया कि कर्मचारियों का अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर और जनवरी के 19 दिनों का वेतन अब तक बकाया है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों से कई बार मुलाकात की जा चुकी है और चंडीगढ़ स्तर पर भी अपनी मांग रखी गई लेकिन आज तक भुगतान नहीं किया गया.
आगे की रणनीति तैयार
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों ने आगे की रणनीति भी तैयार कर ली है. यदि 1 जुलाई तक बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो जिले के सभी एचकेआरएन कर्मचारी काम बंद कर हड़ताल पर बैठ जाएंगे. उनका कहना है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है.
दीपक तंवर ने कहा कि कई कर्मचारियों के सामने इस्तीफा देने जैसी स्थिति बन गई है. तीन-चार महीने का वेतन बकाया होने के कारण परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का उद्देश्य किसी भी मरीज को परेशानी में डालना नहीं है और न ही उन्हें प्रदर्शन या हड़ताल करने का कोई शौक है, लेकिन मजबूरी में उन्हें अपनी आवाज उठानी पड़ रही है.
700 से अधिक कर्मचारी कार्यरत
उन्होंने दावा किया कि जिले में 700 से अधिक कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग में एचकेआरएन के तहत कार्यरत हैं. सरकार चाहे तो बकाया वेतन तुरंत जारी किया जा सकता है लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. यूनियन के अनुसार मई महीने का वेतन भी अभी तक कर्मचारियों के खातों में नहीं पहुंचा है, जबकि यह हर महीने की 7 तारीख तक मिल जाना चाहिए. वेतन में लगातार देरी होने से कर्मचारियों को रोजमर्रा का खर्च चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
दी चेतावनी
कई कर्मचारियों ने बैंक लोन ले रखे हैं, जिनकी मासिक किश्तें समय पर जमा करनी होती हैं. वेतन नहीं मिलने की वजह से किस्तें चूकने का खतरा बढ़ रहा है, जिससे अतिरिक्त जुर्माना भी भरना पड़ सकता है. कर्मचारियों ने सरकार से समय पर वेतन जारी करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि हर महीने की 7 तारीख तक भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया तो वे आगे भी विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे.
