गुरुग्राम | मानेसर नगर निगम का स्थायी कार्यालय अब IMT चौक के नजदीक हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन (HSIIDC) की जमीन पर बनाया जाएगा. इसके लिए फंड को मंजूरी मिल चुकी है और जमीन खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है. जानकारी के अनुसार, जमीन के लिए 104 करोड़ 14 लाख 17 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं.

यह राशि एचएसआईआईडीसी को ट्रांसफर की जाएगी. मंजूरी के बाद संबंधित फाइल वित्त विभाग को पैसे ट्रांसफर करने के लिए भेज दी गई है. इसके बाद, एचएसआईआईडीसी द्वारा करीब 2.99 एकड़ जमीन नगर निगम मानेसर को सौंप दी जाएगी.
कार्यालय भवन का एस्टीमेट तैयार
जमीन मिलने के बाद नगर निगम की इंजीनियरिंग शाखा द्वारा कार्यालय भवन का एस्टीमेट तैयार कराया जाएगा. फिलहाल, मानेसर नगर निगम का कार्यालय निजी इमारत में किराए पर चल रहा है. यहां से अलग- अलग शाखाएं अलग स्थानों पर संचालित हो रही हैं जिससे कामकाज में दिक्कतें आती हैं. अभी नगर निगम मानेसर का मुख्य कार्यालय सेक्टर- 8 में स्थित है.
लोगों को मिलेगी सुविधा
इंजीनियरिंग विंग के अधिकारी एचएसआईआईडीसी कार्यालय में ग्राउंड और चौथे तल पर बैठते हैं जबकि हार्टिकल्चर शाखा के अधिकारी मानेसर गांव के सरकारी स्कूल के नजदीक कार्यरत हैं. नवादा गांव में भी नगर निगम का एक कार्यालय संचालित किया जा रहा है. आईएमटी चौक के नजदीक नया कार्यालय बनने के बाद पूरे क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी और एक ही स्थान पर सभी सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी. यह जमीन आईएमटी चौक के पास एचएसआईआईडीसी कार्यालय के साथ स्थित है और वर्तमान में खाली पड़ी हुई है.
निजी भवन में संचालित
नगर निगम मानेसर का कार्यालय फिलहाल निजी भवन में संचालित हो रहा है जिसका मासिक किराया करीब 25 लाख रुपये है. इसमें तीसरी मंजिल और भूतल का एक हिस्सा किराए पर लिया गया है. इससे पहले सेक्टर 81 में कार्यालय के लिए जमीन चिन्हित की गई थी लेकिन किसी कारणवश वह प्रस्ताव रद्द कर दिया गया. अब नई योजना के तहत, दिल्ली- जयपुर हाईवे के पास आईएमटी चौक क्षेत्र में स्थायी कार्यालय स्थापित किया जाएगा.
