चंडीगढ़ | हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की 15वीं पुण्यतिथि पर आदमपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस मौके पर बड़ी संख्या में समर्थक, राजनीतिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों से लोग समाधि स्थल पर पहुंचे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए और चौधरी भजनलाल को श्रद्धासुमन अर्पित किए. CM नायब सैनी ने समाधि स्थल पर पहुंचकर परिक्रमा की और बिश्नोई परिवार के सदस्यों के साथ कुछ समय तक मौजूद रहे. करीब 20 मिनट तक परिवार के साथ रहने के बाद मुख्यमंत्री बिना मीडिया से बातचीत किए वहां से रवाना हो गए. उनके इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

पिछले दिनों भाजपा सांसद रेखा शर्मा के एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था. चौधरी भजनलाल को लेकर दिए गए बयान के बाद विपक्ष ने भाजपा पर निशाना साधा था.
भेजा था कानूनी नोटिस
कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन ने इस मामले में कड़ी आपत्ति जताते हुए कानूनी नोटिस भी भेजा था. वहीं कुलदीप बिश्नोई की नाराजगी की चर्चाएं भी सामने आई थीं. बाद में रेखा शर्मा ने अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी. इसी बीच CM सैनी हाल ही में दिल्ली स्थित कुलदीप बिश्नोई के आवास पर भी पहुंचे थे. ऐसे में आदमपुर में आयोजित पुण्यतिथि कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी को राजनीतिक समीकरणों और पार्टी के भीतर समन्वय के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है.
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ.भजनलाल जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन।
प्रदेश के विकास और जनसेवा के प्रति उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। pic.twitter.com/zbILoKmBDt
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) June 3, 2026
ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध
पुण्यतिथि कार्यक्रम में हरियाणा के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी चौधरी भजनलाल के समर्थकों के पहुंचने की संभावना जताई गई थी. बिश्नोई परिवार ने इस अवसर पर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की. हाल ही में कुलदीप बिश्नोई ने भी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत रखने और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ने की बात कही थी. प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए. DC महेंद्र पाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) 2023 की धारा 163 के तहत कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र को विशेष नियंत्रण क्षेत्र घोषित किया. सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया.
